Unnao City

पुल की रेलिंग से टकराई बेकाबू बाइक… तीन दोस्तों की मौत, चीखों से गूंज उठे गांव

अचलगंज-पुरवा मार्ग के मोड़ पर देर रात हुई दुर्घटना, तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना बना वजह, जेसीबी-ट्रक ड्राइविंग व दूध का कारोबार करते थे युवक

प्रमोद पासी

उन्नाव, 24 जनवरी 2026:

अचलगंज-पुरवा मार्ग पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भूलेमऊ गांव के सामने लोन नदी पुल पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम छा गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के अढोली गांव निवासी अनुराग (31), उनके ममेरे भाई बैसनखेड़ा गांव निवासी राहुल (26) और पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव निवासी सौरभ गौतम (25) के रूप में हुई है। तीनों युवक सोमवार रात करीब 12:15 बजे अचलगंज से पुरवा की तरफ एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। बाइक अनुराग चला रहा था।

ec4cb7c6-737a-4105-8b2b-76fee5107542

बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। भूलेमऊ गांव के पास मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे पुल की दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से तीनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अनुराग और राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सौरभ गौतम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक अनुराग के चाचा नेत्रपाल ने बताया कि अनुराग ट्रक चालक था, राहुल दूध का कारोबार करता था और सौरभ जेसीबी चालक था। परिजनों के अनुसार अनुराग और राहुल, सौरभ को उसके गांव तौरा छोड़ने जा रहे थे।

राहुल दो भाइयों में बड़ा था, जबकि अनुराग तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद राहुल की मां रेनू देवी और अनुराग की मां मुन्नी देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है। बीघापुर कोतवाली प्रभारी अमरनाथ यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर बाइक का अनियंत्रित होना मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button