Unnao City

अयोध्या जा रही ट्रैवलर एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार… कर्नाटक के आठ छात्र व गाइड घायल

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, आगे जा रहे वाहन से हुई टक्कर, घायलों को इलाज के बाद आगे भेजा गया

उन्नाव, 23 फरवरी 2026:

आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या जा रही छात्रों से भरी ट्रैवलर औरास क्षेत्र में आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में चालक, गाइड समेत आठ छात्र घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक कर्नाटक के बेलगांव जिले के अरभावी स्थित हार्टिकल्चर कॉलेज के बीएससी के करीब 18 छात्र छात्राएं और शिक्षक शैक्षणिक टूर पर अयोध्या जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे शहदोई के पास ट्रैवलर चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन में जा घुसा।

हादसे के बाद यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को औरास सीएचसी ले जाया गया, जहां से आठ लोगों को एहतियात के तौर पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार सभी को हल्की चोटें आई हैं और हालत खतरे से बाहर है।

एसओ संजीव कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर को हटाकर लखनऊ टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया है। बाकी छात्रों को दूसरे वाहन से सुरक्षित गंतव्य की ओर भेज दिया गया। घायलों में चंद्रशेखर, अमित, मनमीत, अनिल कुमार, विशाल, अमित कुमार, अर्जुन सिंह चालक और दीन गाइड शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button