Unnao City

पति के बिना नहीं जी सकती…वीडियो मैसेज छोड़ा फिर महिला ने लगाई फांसी

12 दिन पहले हार्ट अटैक से हुई थी पति की मौत, वीडियो में पत्नी ने बच्चे का ख्याल रखने की अपील की, पत्नी के माता-पिता का पहले ही हो चुका है निधन

प्रमोद पासी

उन्नाव, 14 मार्च 2026:

पीडी नगर क्षेत्र में पति की मौत के गहरे सदमे में कई दिन गुजारने के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले महिला ने एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने पति के बिना जिंदगी जीने में असमर्थता जताई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।

बताया गया कि पीडी नगर क्षेत्र में रहने वाले आलोक उर्फ बबलू का 2 मार्च को हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई थी। पति की असमय मौत के बाद से पत्नी एकता गहरे सदमे और तनाव में थीं। परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक पति के निधन के बाद वह काफी टूट गई थीं और अक्सर अकेले गुमसुम बैठी रहती थीं।

ये भी पढ़ें:

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में एकता ने कहा कि पति के बिना उनका जीवन खाली हो गया है और अब उनके पास जीने का कोई सहारा नहीं बचा। वीडियो में उन्होंने अपने अंतिम संस्कार को ठीक से करने और अपने बच्चे का ख्याल रखने की अपील भी की। ये भी कहा कि एक औरत के तीन सहारे होते हैं एक उसके मां बाप, दूसरा पति और तीसरा बच्चे, मेरे पास कोई नहीं। सब लोगों ने बहुत समझाया लेकिन मेरे वश की बात नहीं।

Advertisement

f70be73d-f3c7-4324-a4e7-8f10529b5dfe

पड़ोसी संजीव तिवारी ने बताया कि दोपहर के समय लोगों ने एकता का वीडियो स्टेटस देखा तो सभी हैरान रह गए। इसके बाद कई लोगों ने उन्हें फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन लगातार व्यस्त आ रहा था। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि महिला का शव मर्चुरी पहुंच चुका है।

पड़ोसियों के अनुसार एकता के माता पिता का पहले ही निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह पूरी तरह अकेली पड़ गई थीं और इस सदमे से बाहर नहीं निकल सकीं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  उन्नाव में मुठभेड़: हत्या के बाद फरार आरोपी को दबोचा... पैर में लगी गोली, साथी की तलाश जारी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link