Unnao News : बयाना लौटाने के बाद भी नहीं सुलझा जमीन विवाद, जीजा पर फायर, जबड़े में गोली लगने से गई जान
हमले से पहले पहले घर पहुंचकर दी थी धमकी, बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस, लखनऊ मोहनलालगंज का रहने वाला है आरोपी

उन्नाव, 25 अक्टूबर 2026:
यूपी के उन्नाव जिले में जमीन के सौदे को लेकर चल रहे विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नवाबगंज कस्बे में शनिवार रात करीब 12 बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने कन्हईया लाल (45) को गोली मार दी। गोली उनके जबड़े में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
छह लाख रुपये में तय हुआ था जमीन का सौदा
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के ठकुराईनखेड़ा निवासी अमन के मुताबिक, उनके पिता कन्हईया लाल ने करीब तीन साल पहले पैसों की जरूरत पड़ने पर मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी अपने चचेरे साले नागेंद्र से करीब 13 बिस्वा जमीन का सौदा छह लाख रुपये में तय किया था। इसके लिए एक लाख रुपये बयाने के तौर पर दिए गए थे।
रुपये लौटाने के बाद भी मांगने का आरोप
अमन ने बताया कि बाद में उनके पिता ने नागेंद्र से बाकी रकम मांगी तो उसने जमीन खरीदने से इनकार कर दिया। उसने बयाने के एक लाख रुपये वापस लेकर जमीन किसी दूसरे को बेचने की बात कही। कन्हईया लाल ने रुपये लौटा दिए, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी नागेंद्र ब्याज समेत रकम मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
पहले भी घर पहुंचकर दी थी धमकी
परिजनों के अनुसार, जमीन का बैनामा नहीं होने से नागेंद्र, उसके भाई भूपेंद्र उर्फ मोनू, सुशील उर्फ सन्नाम और उनके पिता हरिप्रसाद नाराज थे। आरोप है कि इससे पहले भी ये लोग घर पहुंचकर धमकी दे चुके थे। शनिवार रात करीब 12 बजे अपाचे बाइक से दो लोग आए और कन्हईया लाल को गोली मारकर फरार हो गए।
इलाज के दौरान हैलट में तोड़ा दम
गोली लगने के बाद परिजन कन्हईया लाल को असोहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि बेटे की तहरीर पर नागेंद्र, भूपेंद्र और सुशील के खिलाफ पहले हत्या के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कन्हईया लाल की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।






