Uttarakhand

आदि कैलाश परिक्रमा रन : धामी ने विजेताओं को दिए पुरस्कार, प्रतिभागियों के साहस को किया सलाम

गुंजी पहुंचे सीएम, सेना के अधिकारियों व जवानों को किया सम्मानित, अगले वर्ष मई के प्रथम सप्ताह में माणा पास से औली तक आयोजित होगी 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन, रं समुदाय ने किया स्वागत

देहरादून, 25 अक्तूबर 2026ः

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी रविवार को पिथौरागढ़ के गुंजी पहुंचे। यहां आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन (मैराथन) 2.0 में 70 किमी. और 42 किमी. की दौड़ के विजेताओं को सीएम ने पुरस्कृत किया। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे धावकों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री का गुंजी पहुंचने पर रं समुदाय (स्वदेशी तिब्बती-बर्मी आदिवासी समुदाय) के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा पहनाकर स्वागत किया। धामी ने कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि साहस, संकल्प, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में कठिन रास्तों, विषम मौसम और सीमित ऑक्सीजन के बीच इस प्रकार की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के साहस और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
adi-kailash-parikrama-run-pushkar-singh-dhami (2)

साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को मिली नई पहचान

मुख्यमंत्री ने आयोजन को सफल बनाने में भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सहयोग की सराहना की और उनके अधिकारियों व जवानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवान कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा करने के साथ ही इस प्रकार के आयोजनों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन के प्रथम संस्करण में 700 से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया था। इस आयोजन की सफलता से आदि कैलाश क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष आदि कैलाश क्षेत्र के लिए जारी इनर लाइन परमिट की संख्या में भी वृद्धि हुई है, जो इस क्षेत्र के प्रति पर्यटकों व श्रद्धालुओं के बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है।

सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को दिया जा रहा बढ़ावा

धामी ने कहा कि देश के सीमांत गांवों को अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ ही पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन जैसे आयोजन सीमांत क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से होमस्टे संचालकों, स्थानीय गाइडों, परिवहन व्यवसायियों, होटल एवं खानपान से जुड़े लोगों को लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पर्यटन विकास का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचे और सीमांत गांवों से पलायन रोकने में भी मदद मिले।

ये भी पढ़ें:

नीति घाटी में अल्ट्रा रन का हुआ सफल आयोजन

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस वर्ष नीति घाटी में भी अल्ट्रा रन का सफल आयोजन किया गया। राज्य में ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, रिवर राफ्टिंग, कयाकिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन साइक्लिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक विविधता साहसिक पर्यटन के लिए अनेक अवसर प्रदान करती है। औली, मुनस्यारी, ऋषिकेश और टिहरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का निरंतर विस्तार हो रहा है।

Advertisement

मई में आयोजित होगी 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन

सीएम धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि अगले वर्ष मई के प्रथम सप्ताह में राज्य सरकार द्वारा ‘100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ लगभग 5,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माणा पास से प्रारंभ होकर बद्रीनाथ और जोशीमठ होते हुए औली तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से देश-विदेश के धावकों को उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी भूगोल और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
adi-kailash-parikrama-run-pushkar-singh-dhami (3)

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार के वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अनुरूप इन क्षेत्रों में पर्यटन, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यमंत्री एवं उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष अशोक सिंह नबियाल, सचिव पर्यटन धीरज सिंह गर्ब्याल, भारतीय सेना, आईटीबीपी एवं एसएसबी के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड : BJP सांसद अनिल बलूनी लैंडस्लाइड में बाल-बाल बचे, हाईवे पर मलबा गिरने से रुका काफिला

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link