Unnao City

उन्नाव में Gen-Alpha ने खोला मोर्चा, छात्रों के सड़क पर उतरते ही DM-SP पहुंचे सर्वोदय विद्यालय

लखनऊ के बाद उन्नाव में भी छठी से 12वीं तक के छात्रों ने खोला मोर्चा, मोहान तिराहे पर जाम लगाकर रखीं मांगें,शिक्षकों की कमी, खराब खाना, पानी की दिक्कत और पंखों की खराबी को लेकर छात्रों में नाराजगी, शिक्षा मंत्री को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े छात्र, डीएम-एसपी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से की बातचीत

प्रमोद पासी

उन्नाव, 19 अगस्त 2026:

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हो चुका Gen-Alpha छात्रों का प्रदर्शन अब उन्नाव तक पहुंच गया है। बुधवार को हसनगंज न्योतनी स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के 200 से ज्यादा छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। छात्रों ने मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर मोहान तिराहे में जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन में हलचल बढ़ गई। डीएम-एसपी आए, उधर छात्र शिक्षा मंत्री को बुलाने की जिद पर अड़े रहे फिलहाल हंगामा किसी तरह संभाला गया। इस बीच कुछ सपा नेताओं ने भी आकर उनकी समस्याओं को अपना समर्थन दिया।

unnao-gen-alpha-students-protest-dm-sp-school (2)

ये भी पढ़ें:

स्कूल की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरे छात्र

जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय न्योतनी के छात्र-छात्राएं बुधवार सुबह करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मोहान चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में कई वर्षों से कुछ विषयों के शिक्षक नहीं हैं, कैंटीन में उचित भोजन नहीं मिलता, स्कूल परिसर व हॉस्टल में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

कैंटीन के खाने पर भी सवाल

Gen-Alpha छात्रों ने स्कूल की खानपान व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि कैंटीन में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इसके अलावा स्कूल परिसर व हॉस्टल में पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत भी छात्रों ने की। छात्रों का कहना था कि पानी व दूसरी अव्यवस्थाओं के चलते कई बच्चों की तबीयत खराब हो जाती है। समय पर इलाज नहीं मिलने की शिकायत भी उन्होंने की।

unnao-gen-alpha-students-protest-dm-sp-school (3)

हॉस्टल के खराब पंखों से भी नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने हॉस्टल व स्कूल परिसर में खराब पड़े पंखों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि मूलभूत सुविधाओं की कमी से उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में जरूरी बदलाव नहीं हुआ।

शिक्षा मंत्री को बुलाने की मांग

जाम की सूचना मिलते ही स्कूल की प्रधानाचार्य वंदना त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडे, पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने छात्रों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्रों ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री को मौके पर बुलाकर उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक वे प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे।

unnao-gen-alpha-students-protest-dm-sp-school (4)

Gen-Alpha को समझाने पहुंचे डीएम-एसपी

मामला बढ़ता देख डीएम व एसपी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की। काफी समझाने के बाद छात्रों को स्कूल परिसर में वापस ले जाया गया। डीएम-एसपी ने बच्चों के साथ बैठकर खाना भी खाया। इसके बाद स्कूल के शिक्षकों व कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। छात्रों को उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

unnao-gen-alpha-students-protest-dm-sp-school (5)

सपा नेता ने भी विद्यालय की व्यवस्था पर दागे सवाल

वार्ता के बाद छात्र विद्यालय लौटे तो उनसे मिलने सपा नेता आंचल वर्मा भी पहुंचीं। उन्होंने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन व पेयजल व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। आंचल वर्मा ने कहा कि बच्चों के हाथ में कलम-किताब होनी चाहिए, लेकिन उन्हें अपनी मांगों के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने विद्यालय से बच्चों के बाहर निकलने को लेकर सुरक्षा व प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। सपा नेता ने समाज कल्याण विभाग व सरकार से पूछा कि बच्चों को अच्छा खाना, साफ पानी व बेहतर शिक्षा क्यों नहीं मिल रही है।

ये भी पढ़ें  विसर्जन यात्रा व जुमे की नमाज के चलते DM-SP ने भ्रमण कर जायजा लिया

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button