Lucknow City

कारगिल के शहीद अमरेंद्र को दी श्रद्धांजलि… तिरंगा फहराया, नारों से गूंज उठा गांव

राजपूत बटालियन के सूबेदार व अन्य सैन्य अफसरों के साथ विधायक भी पहुंचे, ग्रामीणों ने स्मारक और गेट बनाने की उठाई मांग

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 22 मार्च 2026:

मोहनलालगंज क्षेत्र के निगोहां गांव में रविवार को शहीद अमरेंद्र बहादुर सिंह की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में तिरंगा फहराया गया और शहीद की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया गया। माहौल भावुक रहा और गांव में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत राजपूत बटालियन से पहुंचे सूबेदार मध सिंह ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद मौजूद लोगों ने शहीद को फूल माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में सेना से जुड़े जवान, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बता दें कि अमरेंद्र बहादुर सिंह, जिन्हें लोग टाइगर सिंह के नाम से भी जानते थे, 22 मार्च 2002 को कारगिल के दौरान घुसपैठियों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। वह निगोहां गांव के रहने वाले जंगबहादुर सिंह के बेटे थे। देश की रक्षा करते हुए उन्होंने अपनी जान कुर्बान कर दी थी।

Tribute to Kargil Martyr Amarendra A Proud Legacy (1)

श्रद्धांजलि सभा में ग्रामीणों ने शहीद की याद को स्थायी बनाने की मांग भी उठाई। लोगों का कहना था कि गांव में शहीद की स्मृति में एक स्मारक बनाया जाए और निगोहां मार्ग पर उनके नाम का गेट स्थापित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।

कार्यक्रम में शहीद के पिता जंगबहादुर सिंह, भाई रणविजय सिंह और बेटी प्रिया सिंह, विधायक अमरेश रावत, ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए। इसके अलावा सेना और पूर्व सैनिकों में हवलदार कृष्ण कुमार, अरुण कुमार, नायक नखत सिंह, सिपाही मुकेश गुर्जर और संतोष कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button