उन्नाव, 24 फरवरी 2026:
उन्नाव जिले में देर रात दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई। सफीपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो बाइक चालकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शुक्लागंज में रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक और युवती की जान चली गई।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में मियागंज-सफीपुर मार्ग पर गांव गौरी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में औरास थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा निवासी छोटेलाल की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उन्हें सीएचसी सफीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक चला रहे आसीवन थाना क्षेत्र के उदसाह निवासी बसंत 35 की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया गया कि छोटेलाल अपनी भाभी मालती (35) भतीजे कृष्णा (7)और भतीजी नैना 5 को लेकर फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के जमुनिहाकच्छ गांव जा रहे थे। वहां उन्हें अपनी बहन प्रीति के बेटे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होना था। पीछे दूसरी बाइक से उनका भाई राहुल अन्य परिजनों के साथ आ रहा था। हादसे के बाद राहगीरों और राहुल की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मालती और दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक छोटेलाल बेंगलुरु में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था।
रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती की मौत, रुकी रही तेजस, हादसा या सुसाइड, के एंगल पर जांच जारी
दूसरी घटना शुक्लागंज क्षेत्र की गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत सहजनी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। सोमवार देर रात डाउन लाइन पर तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक खाली कराया गया। एहतियातन दिल्ली से लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस को करीब आधा घंटा रोके रखा गया, जबकि अन्य ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी कर दी गई, जिससे कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी रिकॉर्ड के आधार पर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। प्राथमिक जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि दोनों ट्रैक पर कैसे पहुंचे। पुलिस आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य वजह से घटना होने की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।






