लखनऊ, 2 फरवरी 2026:
यूपी को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना और समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में सिंगापुर की अग्रणी एकीकृत कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर माएर्स्क के प्रबंध निदेशक रीन पील पेडरसन ने सोमवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश के विस्तार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में संभावनाओं को लेकर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।
पेडरसन के साथ विवेक शर्मा, हेड बिजनेस डेवलपमेंट एवं रेगुलेटरी अफेयर्स (भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका क्षेत्र) भी मौजूद रहे। बैठक में यूपी के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य, निवेशकों के लिए अनुकूल कारोबारी माहौल तथा राज्य सरकार की नीति आधारित निवेश प्रोत्साहन योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से उभरते राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित, स्थिर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित स्वीकृतियां, समयबद्ध नीतिगत निर्णय और मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक कॉरिडोर और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास से प्रदेश में व्यापार और उद्योग को नई गति मिली है। उन्होंने एपी मोलर माएर्स्क को राज्य में अपने निवेश का विस्तार करने के लिए आमंत्रित करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार आवश्यक भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी और सभी नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और यहां के सकारात्मक कारोबारी माहौल को लेकर बेहद सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि माएर्स्क पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही और राज्य सरकार से हमेशा पूर्ण सहयोग मिला है। उन्होंने प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण और उद्योगों के अनुकूल नीतियों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि एपी मोलर माएर्स्क शिपिंग, बंदरगाह, जल परिवहन और अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। कंपनी के संभावित निवेश से उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूती, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की उम्मीद है, जो ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।






