लखनऊ, 14 मार्च 2026:
यूपी में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने शुक्रवार देर रात सात आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। जानकारी के अनुसार इस बदलाव का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा कार्यों में नई ऊर्जा और गति लाना है।
आईएएस अधिकारियों में लोक निर्माण विभाग के सचिव प्रकाश बिंदु को गृह विभाग में सचिव के पद पर तैनात किया गया है। वहीं प्रतीक्षारत चल रहे लोकेश एम को लोक निर्माण विभाग में सचिव बनाया गया है। इसी तरह प्रतीक्षारत रहे महेंद्र प्रसाद को उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक नीना शर्मा को सार्वजनिक उद्यम विभाग का प्रमुख सचिव और महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं सार्वजनिक उद्यम विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत संजय कुमार को उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का नया निदेशक बनाया गया है। धर्मार्थ कार्य विभाग के विशेष सचिव रघुबीर को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम में तैनात आशीष कुमार को धर्मार्थ कार्य विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पीसीएस अधिकारियों के स्तर पर भी तबादले किए गए हैं। झांसी में तैनात उप जिलाधिकारी प्रदीप कुमार सिंह को गोंडा का उप जिलाधिकारी बनाया गया है। मथुरा के अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुरेंद्र कुमार को कानपुर मंडल में अपर आयुक्त के पद पर स्थानांतरित किया गया है। जालौन के उप जिलाधिकारी वेद प्रिय आर्य को मथुरा में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है।
वहीं, बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी में विशेष कार्याधिकारी गुलाब सिंह को कुशीनगर में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है। माना जा रहा है कि इन तबादलों से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभागों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी।






