Lucknow CityNational

UP के IAS अफसर अभय सिंह पर मां के सनसनीखेज आरोप, घर पर कब्जा, मारपीट व जान से मारने की धमकी

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित आवास का मामला, नियुक्ति विभाग ने मांगा जवाब, पहले भी विवादों में रह चुके अभय सिंह, बुलंदशहर के डीएम रहते हुए उनके आवास पर सीबीआई ने की थी छापेमारी, करीब 50 लाख रुपये नकद मिलने का किया गया था दावा

लखनऊ, 29 जनवरी 2026:

यूपी कैडर के 2007 बैच के आईएएस अधिकारी अभय सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार आरोप किसी और ने नहीं बल्कि उनकी मां रेखा सिंह ने लगाए हैं। रेखा सिंह ने अपने बेटे अभय सिंह पर मकान पर अवैध कब्जा करने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने राजस्व परिषद के चेयरमैन को एक विस्तृत शिकायती पत्र भेजा है।

रेखा सिंह का आरोप है कि राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित उनके आवास पर अभय सिंह और उनकी पत्नी माधवी अभय सिंह सोमवंशी ने कब्जा कर रखा है। पत्र में उन्होंने बताया कि 1 जनवरी को अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ जबरन घर पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान धमकी दी गई, मारपीट की गई और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। रेखा सिंह ने लिखा है कि जान का डर इतना बढ़ गया कि उन्हें खुद को एक कमरे में बंद करना पड़ा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटे के लगातार मानसिक उत्पीड़न के चलते उन्हें अपना ही घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। रेखा सिंह का कहना है कि अभय सिंह अपने स्टाफ के माध्यम से भी उन्हें धमकाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास इस उत्पीड़न से जुड़े मैसेज, ऑडियो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं।

राजस्व परिषद के चेयरमैन ने इस शिकायत को प्रमुख सचिव, नियुक्ति विभाग को अग्रसारित कर दिया है। इसके बाद नियुक्ति विभाग ने आईएएस अधिकारी अभय सिंह से उनका पक्ष मांगा है जिससे आगे की कार्रवाई तय की जा सके। अभय सिंह ने स्वीकार किया है कि उन्हें इस संबंध में नियुक्ति विभाग का पत्र मिल चुका है।

वहीं, अभय सिंह का कहना है कि रेखा सिंह का ब्रेनवॉश किया गया है। उनका आरोप है कि मां उनके छोटे भाई और उसकी पत्नी के प्रभाव में हैं और विभिन्न राज्यों में स्थित संपत्तियों को गलत तरीके से बेच रही हैं। अभय सिंह का दावा है कि 1 जनवरी को वे पुलिस के साथ ही चित्तौड़गढ़ गए थे। उन्होंने पहले ही स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज करा रखी है।

मालूम हो कि अभय सिंह पहले भी विवादों में रह चुके हैं। बुलंदशहर के डीएम रहते हुए उनके आवास पर सीबीआई ने छापेमारी की थी, जहां से करीब 50 लाख रुपये नकद मिलने का दावा किया गया था। फिलहाल अभय सिंह राजस्व परिषद में तैनात हैं। अब मां-बेटे के इस गंभीर विवाद ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button