Lucknow CityUttar Pradesh

UP के 78 हजार कोटेदारों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, कमीशन बढ़ा, अब ‘कोटेदार’ नहीं कहलाएंगे!

90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल हुआ लाभांश, अन्नपूर्णा केंद्र संचालक होगा नया नाम, सीएम योगी बोले- 2017 से पहले भ्रष्टाचार की आंच आप पर आती थी, अब कर रहे हैं सम्मान के साथ काम

लखनऊ, 17 अगस्त 2026:

यूपी के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत और बदलाव का संदेश लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी का ऐलान किया। अब उन्हें 90 रुपये के बजाय 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कमीशन में 25 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली की शुरुआत भी की। इसके जरिए राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं की प्रतिक्रिया सीधे डिजिटल माध्यम से ली जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और जमीनी स्तर की समस्याओं का सीधे फीडबैक मिल सकेगा।

‘2017 से पहले कोटेदार शब्द से लोग चिढ़ते थे’

ये भी पढ़ें:

कोटेदारों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले लोग उन्हें शक की निगाह से देखते थे और उनका सम्मान नहीं होता था। उन्होंने कहा कि गलती कोटेदारों की नहीं थी बल्कि भ्रष्टाचार कोई और करता था और उसका खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ता था। राशन की आपूर्ति में गड़बड़ी होने पर भी लोगों की नाराजगी का सामना उचित दर विक्रेताओं को करना पड़ता था।

योगी ने कहा कि सरकार ने ई-पॉस मशीन और सिंगल स्टेज डिलीवरी के जरिए बिचौलियों की भूमिका खत्म करने की दिशा में कदम उठाया। इससे राशन वितरण में पारदर्शिता आई और कोटेदारों का सम्मान भी बढ़ा।
up-ke-kotedaron-ka-commission-badha-annapurna-kendra

अब दुकान नहीं, बनेगा ‘अन्नपूर्णा केंद्र’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों को अब अन्नपूर्णा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है। इन केंद्रों पर दुकान के साथ गोदाम की सुविधा भी विकसित होगी। पहले जहां कोटेदार मुख्य रूप से राशन बेच सकते थे, वहीं अब 39 प्रकार के सामान बेचने की सुविधा दी जा रही है। योगी ने कहा कि प्रदेश में 10 हजार अन्नपूर्णा भवन तैयार किए जा चुके हैं। अब कोटेदारों को ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ के नाम से जाना जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। दिव्यांगों और निराश्रितों तक घर पर राशन पहुंचाया जा रहा है। दो करोड़ लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन और 1.6 करोड़ लोगों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया है। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  अखिलेश पर बरसे राजभर, बोले- ‘मसखरेपन’ पर आ गए हैं, कहिए तो फनी वीडियो भिजवा दूं

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button