Uttar Pradesh

त्योहारों व दरोगा भर्ती परीक्षा से पहले अलर्ट मोड में UP : CM योगी ने दिए सख्त निर्देश, नई परंपरा की इजाजत नहीं

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की, दरोगा भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे 15.75 लाख अभ्यर्थी, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और वितरण सामान्य बनाने के निर्देश

लखनऊ, 11 मार्च 2026:

आगामी पर्व-त्योहारों, यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। सीएम योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14-15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। ऐसे में यह अवधि कानून-व्यवस्था के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें और सुनिश्चित करें कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने समाज-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने पर जोर दिया।

सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने बताया कि 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसमें 15 लाख 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अन्य जिलों से आने की संभावना को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदार तैनाती के साथ इंटेलिजेंस तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अफवाह का तुरंत खंडन करने को कहा गया है।

चैत्र नवरात्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने देवीपाटन, शाकुम्भरी देवी, मां विंध्यवासिनी धाम और ललिता देवी समेत प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा 19 मार्च को राष्ट्रपति के अयोध्या और मथुरा दौरे को लेकर सभी आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी मंडलायुक्त, डीएम, एडीजी (जोन), पुलिस आयुक्त, आईजी (रेंज), एसएसपी एवं एसपी सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button