लखनऊ, 30 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए हर विकास के मोर्चे पर देश में अपनी मजबूती दर्ज कराई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं में लगातार पहला स्थान हासिल कर रहा है। योजनाओं को कागज से जमीन तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त करने वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
आवास, पेंशन और स्वच्छता में रिकॉर्ड प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 62 लाख परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। इसके कारण गरीब और मध्यम वर्ग की जीवनशैली में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। वहीं, अटल पेंशन योजना के तहत प्रदेश ने पंजीकरण के मामले में पहले स्थान पर अपनी जगह बनाई है। इसके साथ ही प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा तेजी से बढ़ा है।
कृषि और उद्योग में प्रदेश की बढ़ती ताकत
कृषि के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। गन्ना, चीनी, खाद्यान्न, आलू, आम और दूध के उत्पादन में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। किसानों को कृषि निवेश पर मिलने वाली अनुदान राशि का भुगतान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है। औद्योगिक विकास के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों) को बढ़ावा दिया है। प्रदेश में अब तक 96 लाख से ज्यादा एमएसएमई इकाइयों की स्थापना हो चुकी है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में विकास
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्रदेश में 7 एक्सप्रेसवे और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सक्रिय हैं। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण भी चल रहा है। इन परिवहन सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में निवेश और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।
स्वच्छता, ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं में उत्तर प्रदेश का राष्ट्रीय नेतृत्व
स्वच्छता और ऊर्जा के क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश ने नए मानक स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश में सबसे ज्यादा गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों की रसोई में बड़ा बदलाव आया है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
डिजिटल गवर्नेंस में प्रदेश का नेतृत्व
उत्तर प्रदेश ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व किया है। प्रदेश ने ई-मार्केटप्लेस (जेम) के माध्यम से सबसे अधिक सरकारी खरीद की है। एनपीएस ट्रेडर्स के तहत कामगारों के पंजीकरण में भी प्रदेश अग्रणी है। इसने सरकारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है और कार्य की गति में सुधार किया है।
शिक्षा और कौशल विकास में प्रदेश की आगे बढ़ते कदम
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रदेश ने कार्ययोजना विकसित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। कौशल विकास नीति को लागू करने में भी प्रदेश पहले स्थान पर है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है। इसके अलावा, एथेनॉल उत्पादन और आपूर्ति के मामले में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले पायदान पर है।
उत्तर प्रदेश ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए न केवल अपने विकास को तेज किया है, बल्कि देश भर में अपनी स्थिति को भी मजबूत किया है। इन योजनाओं ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया है।






