लखनऊ, 31 जनवरी 2026:
गणतंत्र दिवस परेड 2026 में उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई है। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में प्रदेश की झांकी को पॉपुलर च्वॉइस केटेगरी में दूसरा पुरस्कार मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को इस झांकी के जरिए राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिली।
लोगों की पसंद बनी यूपी की झांकी
उत्तर प्रदेश की झांकी को देशभर के लोगों ने खूब सराहा। लोकप्रियता के आधार पर दिए गए इस सम्मान ने प्रदेश की रचनात्मक पहचान को और मजबूत किया है। झांकी में बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक उत्तर प्रदेश की प्रगति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा।

30 झांकियों में पाया दूसरा स्थान
पुरस्कार वितरण समारोह नई दिल्ली के राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आयोजित हुआ, जहां सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस परेड में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा 13 मंत्रालयों और विभागों की कुल 30 झांकियां शामिल थीं, जिनमें उत्तर प्रदेश ने दूसरा स्थान हासिल किया।
बुंदेलखंड की विरासत और आधुनिक यूपी की झलक
‘समृद्धि का मंत्र आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित झांकी में बुंदेलखंड की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को प्रमुखता दी गई। कालिंजर दुर्ग की शैल कला, एकमुख लिंग, मृद्भांड कला, मनका शिल्प और पारंपरिक हस्तशिल्प को दर्शाया गया। साथ ही एक जनपद एक उत्पाद, ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेस नेटवर्क और आधुनिक अवसंरचना के माध्यम से विकसित उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी सामने रखी गई।
सात साल से जारी सम्मान की परंपरा
उत्तर प्रदेश की झांकी लगातार सातवें वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में पुरस्कार जीतने में सफल रही है। वर्ष 2020 में दूसरा स्थान, 2021 और 2022 में पहला पुरस्कार, 2023 में ज्यूरी केटेगरी में तीसरा और पॉपुलर च्वॉइस में दूसरा स्थान मिला। इसके बाद 2024 में पॉपुलर च्वॉइस में दूसरा, 2025 में ज्यूरी में पहला और पॉपुलर च्वॉइस में दूसरा स्थान तथा 2026 में भी पॉपुलर च्वॉइस केटेगरी में दूसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। इससे राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश की पहचान और अधिक मजबूत हुई है।






