चमोली, 9 मार्च 2026:
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में सोमवार से पांच दिवसीय बजट सत्र शुरू हो गया। सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रही और कांग्रेस विधायकों ने बजट सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा सरकार शर्म करो बजट की अवधि बढ़ाओ के नारे लगातार गूंजते रहे। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता भी सदन के बाहर सड़क पर प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस बीच सीएम धामी ने संसदीय कार्य मंत्री के साथ राज्यपाल से मुलाकात की। सरकार की ओर से बजट पेश करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट आकार करीब 1.11 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 10 प्रतिशत अधिक बताया जा रहा है।

उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा जब राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही सदन में बजट पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस बार वित्त मंत्री के रूप में सदन में बजट प्रस्तुत करेंगे। सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। अभिभाषण में राज्य के समग्र विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं का खाका पेश किया जा रहा है। इसके बाद सदन की अन्य कार्यवाही आगे बढ़ेगी।
भराड़ीसैंण विधानसभा में बजट सत्र को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। सरकार और प्रशासन के गैरसैंण पहुंचने से ग्रीष्मकालीन राजधानी में एक बार फिर रौनक लौट आई है। आगामी पांच दिनों तक विधानसभा में बजट और अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।






