Uttarakhand

खेलने-कूदने की उम्र में नन्हे पर्वतारोहियों ने किया कमाल, 5 हजार मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, धामी ने बढ़ाया हौसला

उत्तराखंड के रियांश पंत और प्रिशा रावत ने रचा इतिहास, सीएम ने दी बधाई, बोले- देश के युवाओं के सामने पेश की मिसाल, इतनी कम उम्र में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर चढ़ना असाधारण उपलब्धि

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 8 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास पर मंगलवार को दो नन्हें पर्वतारोहियों से मुलाकात की। सीएम ने दोनों के हौसले को सलाम किया और बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों बच्चों ने अपनी सफलता से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है और प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं के सामने मिसाल पेश की है। रियांश पंत (9 वर्ष) और प्रिशा रावत (10 वर्ष) ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। दोनों ने 22 अगस्त को 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराया।

अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी रियांश पंत और नैनीताल जिले के बैलपड़ाव निवासी प्रिशा रावत ने कम उम्र में ही ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो बड़े-बड़े पर्वतारोहियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण माना जाता है। किलिमंजारो की चोटी तक पहुंचकर दोनों ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचय दिया। धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में दुनिया की चुनौतीपूर्ण चोटियों में शामिल किलिमंजारो का सफल आरोहण करना असाधारण उपलब्धि है।

ये भी पढ़ें:

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और साहसिक गतिविधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। सरकार ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। रियांश और प्रिशा की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचना अपने आप में बड़ी चुनौती है। दोनों की सफलता ने यह संदेश दिया है कि उम्र सपनों की उड़ान में बाधा नहीं, अगर हौसला मजबूत हो और लक्ष्य ऊंचा हो।

ये भी पढ़ें  दून University में धामी की बड़ी घोषणाएं, नई सुविधाओं के साथ युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button