Uttarakhand

उत्तरायणी कौथिक महोत्सव का आगाज… शोभायात्रा में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति

सीएम धामी की पत्नी ने लिया हिस्सा, पारंपरिक व्यंजन व हस्तशिल्प के 150 स्टॉल लगे, 8 फरवरी को होगा महोत्सव का समापन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 5 फरवरी 2026:

देहरादून के परेड ग्राउंड में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से उत्तरायणी कौथिक महोत्सव का शुभारंभ शोभायात्रा के साथ हुआ। संस्कृति से समृद्धि की ओर की थीम पर आधारित इस महोत्सव में चार दिनों तक उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री की पत्नी और सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक व संयोजक गीता पुष्कर धामी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इसके बाद परेड ग्राउंड से शुरू हुई शोभायात्रा ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। यात्रा का नेतृत्व गीता धामी ने कलश थामकर किया।

शोभायात्रा कनक चौक, गांधी पार्क, घंटाघर, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक से होते हुए वापस परेड ग्राउंड पहुंची। यात्रा के दौरान श्रीनंदा राजजात, छोलिया, जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊंनी, गोर्खाली और पंजाबी लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और लोक कलाकारों के जोश ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में लोगों ने शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

गीता पुष्कर धामी ने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का एक प्रयास है। नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना ही इस आयोजन का मकसद है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में लोक कला, पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प से जुड़े 150 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। महोत्सव के पहले दिन उत्तराखंड के कलाकारों ने लोक गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव का समापन आठ फरवरी को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button