Varanasi

Varanasi Air Show 2026 : वायुसेना की दहाड़ से गूंजा आसमान, गंगा के ऊपर राफेल, सुखोई संग तेजस ने भी दिखाया दम

चिनूक हेलीकॉप्टर ने भी दिखाया कौशल, अस्सी घाट से नमो घाट तक विमानों को देखने उमड़ी भीड़, रविवार को पीएम मोदी, सीएम योगी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचेंगे

वाराणसी, 24 अक्टूबर 2026:

यूपी के वाराणसी में शनिवार को गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने ऐसा दम दिखाया कि घाटों पर मौजूद लोग रोमांचित हो उठे। नमो घाट पर आयोजित Wings Over Ganga Air Show 2026 के दूसरे दिन राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, स्वदेशी तेजस सहित हेलीकॉप्टरों ने हवाई करतब दिखाए। विमानों की तेज गर्जना से काशी का आसमान गूंज उठा। अस्सी घाट से नमो घाट तक लोगों की भीड़ इस नजारे को देखने के लिए जुटी रही। गंगा के उस पार चंदौली की ओर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
varanasi-wings-over-ganga-air-show-2026 (2)

आसमान में तिरंगा बनाकर हेलीकॉप्टरों ने मोहा मन

एयर शो की शुरुआत सूर्यकिरण विमानों के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगा बनाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। विमानों की सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और अलग-अलग फॉर्मेशन ने लोगों को रोमांचित किया। गंगा के ऊपर तिरंगे की आकृति बनते ही घाटों पर मौजूद दर्शकों ने उत्साह जताया।

राफेल की गर्जना के बाद सुखोई ने दिखाई ताकत

दोपहर करीब 12.15 बजे राफेल विमान ने आसमान में करतब दिखाए। तेज रफ्तार से उड़ते विमान की गर्जना सुनकर घाटों पर मौजूद लोगों की निगाहें आसमान की ओर टिक गईं। राफेल के बाद सुखोई-30 एमकेआई ने अपनी ताकत दिखाई। विमान ने अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित किया। इसके बाद स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस ने भी प्रदर्शन किया। तेजस ने धीमी गति से उड़ान भरने के साथ कई एरोबेटिक करतब दिखाए।

ये भी पढ़ें:

चिनूक ने गंगा के करीब उड़ान भरकर दिखाई क्षमता

दोपहर एक बजे के बाद चिनूक हेलीकॉप्टर ने गंगा के करीब उड़ान भरकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। दो रोटर वाले इस भारी मालवाहक हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य उपकरणों और भारी सामान को ले जाने में किया जाता है। गंगा की सतह के करीब से उड़ान भरते चिनूक को देखकर दर्शक उत्साहित नजर आए।

Advertisement

गंगा में कमांडो का प्रदर्शन भी रहा आकर्षण

एयर शो के दौरान गंगा में चल रहे जलयान पर हेलीकॉप्टर से कमांडो उतारने का प्रदर्शन भी किया गया। जलयान और हेलीकॉप्टर के बीच तालमेल के साथ जवानों ने अपनी दक्षता दिखाई। इस दौरान जल, थल और वायु सेना की क्षमता की झलक देखने को मिली। नमो घाट पर मौजूद लोगों ने इस प्रदर्शन को अपने मोबाइल फोन में कैद किया।
varanasi-wings-over-ganga-air-show-2026 (3)

रविवार को पीएम मोदी, सीएम योगी व राजनाथ सिंह होंगे शामिल

वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में Wings Over Ganga कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रविवार, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नमो घाट पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित अन्य प्रमुख लोगों के भी आयोजन में पहुंचने का कार्यक्रम है।

100 विमान, देश के 12 हवाई अड्डों से भरी उड़ान

एयर शो में कुल 100 विमानों ने हिस्सा लिया। इन विमानों ने देशभर के 12 हवाई अड्डों से उड़ान भरी। प्रदर्शन के जरिए वायुसेना की तकनीकी क्षमता, पायलटों के कौशल और विमानों के बीच तालमेल को दिखाया गया। प्रशिक्षण विमानों के जरिए काशी फॉर्मेशन बनाकर तिरंगे के रंगों को आसमान में उकेरना भी कार्यक्रम का खास हिस्सा बना।
varanasi-wings-over-ganga-air-show-2026 (4)

एयर शो देखने उमड़ी भीड़, शहर में लगा जाम

शनिवार सुबह से ही नमो घाट, राजघाट, खिड़किया घाट सहित गंगा के दूसरे घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कई लोग नावों पर बैठकर विमानों का प्रदर्शन देखते रहे। घाटों की छतों से भी लोगों ने हवाई करतब देखे। हालांकि, बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कई प्रमुख रास्तों पर जाम लगने से लोगों को परेशानी हुई। स्कूली बच्चों को भी बसों से उतरने के बाद नमो घाट तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें  सिपाही का WhatsApp ग्रुप में इस्तीफा, लिखा- 'मुझमें विशिष्ट मानव जैसी शक्तियां नहीं', हड़बड़ा गए अफसर

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link