राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 मार्च 2026:
कोविड काल में माता-पिता खो चुके बच्चों के लिए चल रही मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत राज्य सरकार ने दो महीने की आर्थिक मदद जारी कर दी है। महिला सशक्तिकरण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने फरवरी व मार्च माह की सहायता राशि बटन दबाकर डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की।
कैंप कार्यालय से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए 3 करोड़ 2 लाख 46 हजार रुपये से ज्यादा की रकम लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। फरवरी 2026 के लिए 5,057 बच्चों को 1 करोड़ 51 लाख 71 हजार रुपये मिले, जबकि मार्च 2026 में 5,025 लाभार्थियों के खातों में 1 करोड़ 50 लाख 75 हजार रुपये पहुंचे। जनवरी 2026 तक की रकम पहले ही जारी हो चुकी थी।
मंत्री ने बताया कि साल 2020 से इस योजना के तहत कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों को हर महीने 3 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, ताकि उनके पालन-पोषण व पढ़ाई में मदद मिल सके। यह सहायता उनके बड़े होने तक जारी रहती है।
योजना के नियमों के मुताबिक 21 साल की उम्र पूरी होने पर, लड़की की शादी होने पर या किसी तरह का रोजगार मिलने पर लाभ बंद हो जाता है। इस मौके पर मुख्य परियोजना अधिकारी अंजना गुप्ता, डिप्टी मुख्य परियोजना अधिकारी राजीव नयन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






