Lucknow City

लखनऊ का राष्ट्र प्रेरणा स्थल घूमना हुआ सस्ता, अब म्यूजियम टिकट 35 रुपये… धीरेंद्र शास्त्री की बुकिंग पर ब्रेक

म्यूजियम का प्रवेश शुल्क पहले 50 रुपये था, स्थल खुलने व बंद होने का समय और पार्किंग शुल्क तय, 9 से 18 मार्च तक प्रस्तावित धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर कराई गई बुकिंग पर फिलहाल रोक

लखनऊ, 14 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के लोगों और सैलानियों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के म्यूजियम का प्रवेश शुल्क घटा दिया गया है। अब यहां 50 रुपये की जगह सिर्फ 35 रुपये में प्रवेश मिलेगा। हालांकि पार्क में घूमने का शुल्क पहले की तरह 15 रुपये ही रहेगा। स्थल के संचालन से जुड़ी उच्चस्तरीय समिति ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई है। अधिकारियों के मुताबिक टिकट दरों में कटौती से आम लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और म्यूजियम में दर्शकों की संख्या में इजाफा होगा।

हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में करीब 65 एकड़ में फैले राष्ट्र प्रेरणा स्थल का म्यूजियम 98 हजार वर्ग फीट में बना है। यहां भारत के तीन प्रमुख राष्ट्रनायकों अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन से जुड़े संस्मरण तस्वीरों, स्टोन म्यूरल्स और डिजिटल पैनल पर लाइव ऑडियो-वीडियो के जरिए दिखाए जाते हैं। म्यूजियम में वीवीआईपी और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग गेट हैं। कुल पांच गैलरी बनाई गई हैं। ये इतिहास और प्रेरणा का अनोखा अनुभव कराती हैं।

पार्क के खुलने का समय मौसम के अनुसार तय किया गया है। नवंबर से मार्च तक सुबह छह से रात नौ बजे तक और अप्रैल से अक्तूबर तक सुबह पांच से रात दस बजे तक पार्क खुला रहेगा। वहीं म्यूजियम पूरे साल सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुला रहेगा। इसके साथ ही पार्किंग शुल्क भी निर्धारित कर दिया गया है। चार घंटे के लिए दोपहिया 20 रुपये, चारपहिया 30 रुपये और चार से अधिक पहिया वाले वाहनों के लिए 100 रुपये देने होंगे।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 2.29.36 PM

राष्ट्र प्रेरणा स्थल का एक दिन का किराया है 2.50 लाख रुपये

उधर, आगामी 9 से 18 मार्च तक प्रस्तावित चर्चित कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर फिलहाल बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि आयोजन में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसलिए पुलिस की अनुमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम को हरी झंडी दी जाएगी। यह फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। अन्य आयोजनों की बुकिंग सामान्य रूप से जारी रहेगी। राष्ट्र प्रेरणा स्थल का एक दिन का किराया 2.50 लाख रुपये तय है, जिस पर जीएसटी अलग से देय होगा।

पार्किंग शुल्क : चार घंटे के लिए निर्धारित

बाइक व स्कूटर : 20 रुपये
चार पहिया वाहन : 30 रुपये
चार से अधिक पहिया वाले वाहन : 100 रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button