Raebareli City

SIR: वोटर लिस्ट से नाम कटने पर सपा का हंगामा… कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

जिले की सभी विधानसभाओं में एक ही समुदाय को निशाना बनाने का आरोप, जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी

विजय पटेल

रायबरेली, 5 फरवरी 2026:

मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध दर्ज कराया। पार्टी के जिला अध्यक्ष, स्थानीय विधायक और कई पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए इसे सुनियोजित साजिश बताया।

पार्टी कार्यालय से वीरेंद्र यादव सपा जिलाध्यक्ष, श्याम सुंदर भारती विधायक व शशिकांत शर्मा प्रदेश सचिव की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान सभा मे सपा नेताओं ने कहा कि जिले की सभी विधानसभा सीटों पर एक खास समुदाय के मतदाताओं के नाम योजनाबद्ध तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 30-30 हजार मतदाताओं के नाम बिना किसी पूर्व सूचना और तय प्रक्रिया के काट दिए गए हैं।

पार्टी का कहना है कि यह कार्रवाई सीधे तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों पर चोट है और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। सपा ने मांग की है कि इस तरह की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके।

ज्ञापन सौंपते समय सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी को जन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। वहीं जिलाधिकारी ने सपा प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और अगर किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button