National

पश्चिम एशिया में जंग तेज : ईरान का पलटवार, खाड़ी देशों में हाई अलर्ट

मिसाइल-ड्रोन हमलों से बढ़ा तनाव, यूएई को निर्णायक जवाब की धमकी, इजराइल ने तेज की जवाबी कार्रवाई, मौजूदा हालात ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिरता के कगार पर खड़ा कर दिया

न्यूज डेस्क, 21 मार्च 2026:

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब और अधिक भयावह रूप लेता जा रहा है। अमेरिका और इजराइल के हमलों के बीच ईरान ने भी जोरदार पलटवार शुरू कर दिया है जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि खाड़ी देशों से लेकर इजराइल तक हर जगह हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

शनिवार तड़के कब्जे वाले वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के आसमान में कई मिसाइलें देखी गईं। इजराइल का दावा है कि ये हमले ईरान की ओर से किए गए, जिनका उसने तुरंत जवाब दिया। इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) के मुताबिक नागरिकों को पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था। एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय रूप से इन खतरों को नाकाम करने में जुटा रहा।

WhatsApp Image 2026-03-21 at 1.44.49 PM

उधर, खाड़ी देशों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने रात भर में दर्जनों ड्रोन हमलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं कुवैत ने पुष्टि की है कि संभावित खतरे को देखते हुए उसके एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं।

इस बीच ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उसने यूएई के शहर रास अल-खैमाह पर ‘निर्णायक ताकत’ से हमला करने की खुली धमकी दी है। यह चेतावनी फारस की खाड़ी के अबू मूसा और ग्रेटर टुनब द्वीपों को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच आई है। ये दोनों द्वीप फिलहाल ईरान के कब्जे में हैं जबकि यूएई इन पर अपना दावा करता है।

सरकारी मीडिया के जरिए जारी संदेश में ईरानी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि द्वीपों को लेकर किसी भी नई आक्रामकता का जवाब सीधे यूएई के रणनीतिक ठिकानों पर हमला करके दिया जाएगा। मौजूदा हालात ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिरता के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button