Raebareli City

रायबरेली में सिंचाई विभाग के अफसरों ने क्यों मांगी माफी… सांसद का सख्त रुख

दिशा बैठक में मनरेगा बजट अटका, भाजपा विधायकों की गैरहाजिरी पर नाराजगी, मंत्री-सांसद के बीच बयानबाजी भी गरमाई

विजय पटेल

रायबरेली, 6 अप्रैल 2026:

यूपी के रायबरेली में जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सिंचाई विभाग की ओर से गलत रिपोर्ट पेश किए जाने का मामला सामने आने पर माहौल गंभीर हो गया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए त्रुटि सुधारने का आश्वासन दिया।

बैठक में मनरेगा योजना के तहत मैटेरियल बजट अब तक जारी न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सांसद ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने भी विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की और कार्यों में तेजी लाने की मांग की।

भाजपा विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इस पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने स्पष्ट कहा कि दिशा की बैठक किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का जरिया है। इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता जरूरी है।

बैठक के दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। प्रदेश के राज्यमंत्री दिनेश सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं है कि रेलवे से जुड़े मामलों में पत्र रेलमंत्री को लिखा जाए या डीआरएम को। इस पर सांसद ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री को तथ्यों के साथ तैयारी करके बैठक में आना चाहिए।

वहीं, डीआरएम रेलवे ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की रेल समस्याओं का विस्तृत विवरण मांगा ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ सुधार की दिशा में कदम उठाने पर जोर दिया गया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button