Ayodhya

एक झगड़े में परिवार का अंत: पति की हत्या कर पत्नी ट्रेन के आगे कूदी, नवजात ने ऐसे दम तोड़ा

22 दिन पहले हुआ था बच्चे का जन्म, घर में ताला लगाकर निकली महिला की ट्रैक पर लाश मिलने के बाद खुला मामला, कमरे में पड़ी थी पति की लाश व भूख प्यास से बिलखता मिला मासूम, खराब हालत में नवजात ने सुबह ली अंतिम सांस

अयोध्या, 10 अप्रैल 2026:

अयोध्या के रौनाही इलाके में मामूली कहासुनी के बाद एक महिला ने पहले अपने पति की हथौड़े से हत्या कर दी, फिर खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर जान दे दी। इस बीच घर में बंद उनका नवजात बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। एक साथ तीन मौतों से परिवार व गांव सदमे में है।

मामला ग्राम करेरू का है। यहां रहने वाले करीब 25 वर्षीय शिवानंद रावत की शादी फरवरी 2025 में खंडासा थाना क्षेत्र के बीड़ेपुर गांव की संजू से हुई थी। करीब 22 दिन पहले ही दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ था। शिवानन्द कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूर सप्लाई का ठेका लेने के साथ शटरिंग का काम भी करता था। गुरुवार शाम परिवार के लोग खेत में गेहूं काटने गए थे। इसी दौरान घर पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी बढ़ी तो संजू ने गुस्से में आकर हथौड़े से शिवानंद के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

WhatsApp Image 2026-04-10 at 12.36.38 PM

घटना के बाद महिला ने घर के एक कमरे में पति के शव को कंबल और रजाई में लपेटकर रखा और बाहर से ताला लगा दिया। उसी कमरे में नवजात बच्चा भी बंद रहा। इसके बाद संजू गांव से करीब 200 मीटर दूर देवराकोट रेलवे फाटक के पास पहुंची और ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली।

रात करीब आठ बजे एक ग्रामीण ने रेलवे ट्रैक पर महिला का क्षत-विक्षत शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पास रखे मोबाइल से पहचान की कोशिश की। मोबाइल में पति की फोटो मिलने के बाद शव की शिनाख्त संजू रावत के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और शिवानंद की तलाश शुरू हुई। इसी दौरान घर के एक कमरे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। डायल 112 की मदद से ताला तोड़ा गया तो अंदर शिवानंद का शव मिला। वहीं नवजात बच्चा भी उसी कमरे में मिला, जिसकी हालत गंभीर थी।

WhatsApp Image 2026-04-10 at 12.36.39 PM

बच्चे को बाहर निकालने के बाद परिजनों ने देखभाल की, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने पति-पत्नी दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार में तीन मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button