Sports

गर्दन का दर्द बना टीम इंडिया की मुसीबत! क्या ये कप्तान दूसरे टेस्ट मैच में भारत को दिला पाएगा जीत?

गुवाहाटी टेस्ट से ठीक पहले शुभमन गिल के बाहर होने से टीम इंडिया मुश्किल में आ गई है। अब ऋषभ पंत कप्तान बनकर सीरीज बचाने उतरेंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि बरसापारा की पिच क्या भारत की किस्मत बदल पाएगी?

खेल डेस्क, 21 नवंबर 2025

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में एक नया मोड़ आ गया है। मैच से ठीक पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है क्योंकि कप्तान शुभमन गिल गर्दन में दर्द के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ऋषभ पंत टीम की कप्तानी करेंगे।

यह दूसरा और आखिरी टेस्ट है, जो 22 नवंबर को गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में तेज ऐंठन हुई थी और सिर्फ तीन गेंदें खेलने के बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। BCCI ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सीरीज में पिछड़ चुकी है टीम इंडिया

ये भी पढ़ें:

भारत सीरीज में 0-1 से पीछे है क्योंकि साउथ अफ्रीका ने पहला टेस्ट 30 रन से जीत लिया था। इस हार के बाद भारत पर क्लीन स्वीप का खतरा बचा हुआ है। खास बात यह है कि गुवाहाटी में पहली बार कोई टेस्ट मैच खेला जाएगा। ऐसे में पिच और मौसम दोनों प्लेइंग इलेवन के फैसले को बहुत प्रभावित कर सकते हैं।

कौन ले सकता है गिल की जगह?

गिल के बाहर होने के बाद टीम में एक अतिरिक्त बल्लेबाज शामिल किया जा सकता है। साई सुदर्शन के खेलने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है। टीम के पास देवदत्त पडिक्कल भी एक मजबूत विकल्प हैं। ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को भी स्क्वॉड में वापस जोड़ा गया है और उन्हें मौका तभी मिल सकता है जब वॉशिंगटन सुंदर या अक्षर पटेल को बाहर बैठाना पड़े।

हेड टू हेड में आगे है साउथ अफ्रीका

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक 44 टेस्ट खेले गए हैं जिनमें 19 मैच अफ्रीका ने जीते हैं जबकि भारत के नाम 16 जीत हैं और 10 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारतीय जमीन पर खेले गए 20 टेस्ट में भारत ने 11 जीते हैं और 6 गंवाए हैं।

सिराज बने टीम इंडिया के टॉप गेंदबाज

साल 2025 में शुभमन गिल भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं लेकिन इस टेस्ट में उनका खेलना संभव नहीं है। गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद सिराज 41 विकेट के साथ भारत के टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं। साउथ अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर इस साल सबसे ज्यादा रन बना चुके हैं जबकि केशव महाराज 22 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

कितने बजे शुरू होगा मैच?

गुवाहाटी और नॉर्थ ईस्ट में सूरज जल्दी निकलता है इसलिए यह टेस्ट सुबह 9 बजे शुरू होगा। पहला सेशन 9 से 11 बजे तक होगा। दूसरा सेशन 11:20 से 1:20 बजे तक चलेगा और तीसरा सेशन दोपहर 2 से 4 बजे तक होगा।

पिच और मौसम कितना डालेंगे असर?

बरसापारा की पिच आमतौर पर बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है लेकिन टेस्ट में इसका व्यवहार अलग हो सकता है। सुबह की नमी पेसर्स को मदद दे सकती है और मैच के आगे बढ़ने पर स्पिनर्स को टर्न मिल सकता है। यहां तीसरे और चौथे दिन गेंद ज्यादा घूम सकती है।

ये है दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI

भारत:

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

साउथ अफ्रीका:

ऐडन मार्करम, रायन रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिने (विकेटकीपर), साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश।

ये भी पढ़ें  BCCI : मिथुन मन्हास बने नए अध्यक्ष, जम्मू-कश्मीर से पद संभालने वाले पहले क्रिकेटर

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button