प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 13 अप्रैल 2026:
मलिहाबाद इलाके में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती दिख रही है। कई उपभोक्ता बिल बढ़ने और मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच काकोरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार को करीब 100 महिलाओं ने काकोरी बिजली उपकेंद्र का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल अचानक काफी बढ़ गए हैं, जिससे घर का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। उनका आरोप है कि मीटर की रीडिंग समझ से बाहर है और बिना वजह ज्यादा बिल आ रहा है।
महिलाओं ने पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग उठाई और काफी देर तक उपकेंद्र परिसर में डटी रहीं। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया, मगर महिलाएं तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं।
मामले की जानकारी मिलने पर काकोरी नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। साथ ही बिजली विभाग को चेतावनी दी कि अगर सात दिन के अंदर स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें दूर नहीं हुईं तो वह खुद महिलाओं के साथ धरने पर बैठेंगे।






