NationalUttar Pradesh

जनता दर्शन में योगी ने सुनीं फरियाद, कहा… हर समस्या का होगा समाधान, घबराने की जरूरत नहीं

गोरखनाथ मंदिर में करीब 200 फरियादियों से मिले मुख्यमंत्री, अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर, 27 जनवरी 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लगभग 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

सोमवार देर शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रात्रि विश्राम गोरखनाथ मंदिर में किया। मंगलवार सुबह जनता दर्शन के दौरान उन्होंने एक-एक फरियादी से स्वयं बातचीत की, उनके प्रार्थना पत्र पढ़े और पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी बातें सुनीं। कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास जाकर मुख्यमंत्री ने अपनत्व के साथ पूछा कि वे कहां से आए हैं और उनकी समस्या क्या है।

WhatsApp Image 2026-01-27 at 10.40.38 AM

मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने या घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार हर समस्या का समाधान कराएगी। उन्होंने प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक ढंग से किया जाए। जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आएगी और सरकार पूरी मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों से इलाज का इस्टीमेट जल्द पूरा कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ आए परिजनों से मिलकर मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह दिया, उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को चॉकलेट भी भेंट की गई।

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गोवंश को नाम लेकर पुकारा, उन्हें दुलारा और अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button