Raebareli City

‘गाली’ का बदला हत्या करके लिया…युवक के मर्डर का खुलासा, नशेड़ी दोस्त समेत चार गिरफ्तार

गांजा पीने के दौरान गाली-गलौज और धमकी से बुरा मानकर प्रांजुल ने दोस्तों संग रची थी विनीत की हत्या की साजिश, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही पुलिस

विजय पटेल

रायबरेली, 27 नवंबर 2025:

चंदापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ओया में ट्यूबवेल पर सोने गए युवक विनीत की हत्या का पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अब भी फरार बताया जा रहा है।

मामला चंदापुर थाना क्षेत्र के ओया गांव का है, जहां बुधवार सुबह ट्यूबवेल पर सो रहे युवक विनीत सिंह का खून से लथपथ शव मिला था। जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य इकट्ठा किए। मृतक के भाई की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस ने तत्परता से दबिशें शुरू कर दीं।

ये भी पढ़ें:

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रांजुल यादव से पूछताछ में पता चला कि वो अक्सर विनीत के यहां गांजा पीने जाता था। 22 नवंबर को किसी बात पर विनीत ने प्रांजुल को भद्दी गालियां दीं और धमकाया कि दोबारा दिखे तो जमीन में दफन कर दूंगा। इसी अपमान ने प्रांजुल के मन में बदला लेने की आग भड़का दी। उसने अपने दोस्तों कुणाल, सूरज, शुभ और जितेंद्र को शराब पीने के बहाने बुलाया और सभी नशे में ओया गांव पहुंचे।

ट्यूबवेल पर विनीत गांजा पी रहा था। विनीत ने प्रांजुल को देखकर उसे गांजा दिया, लेकिन तभी सभी आरोपी उसके सामने आ गए। गुस्से और नशे में भरे कुणाल ने लकड़ी की फंटी से विनीत के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद सूरज को याद आया कि उसका मोबाइल वहीं छूट गया है।

फोन लेने के लिए प्रांजुल और कुणाल वापस लौटे तो देखा कि विनीत तड़प रहा है। किसी अनहोनी के डर से दोनों ने उसे घसीटकर ट्यूबवेल की कोठरी में डाल दिया और वहां से फरार हो गए। स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों प्रांजुल, कुणाल, सूरज और शुभ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जितेंद्र की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें  मनोज पांडेय ने फहराया ध्वज, मेधावी बच्चे सम्मानित, बोले- अब ‘दिमागी नक्सलियों’ को हराने की जरूरत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button