Uttarakhand

हल्द्वानी में नशामुक्ति का संकल्प लेकर दौड़े युवा… धामी ने दिया ड्रग फ्री उत्तराखंड का संदेश

एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा, सीएम धामी ने किया एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई और एटीएफ केंद्रों के विस्तार का भी जिक्र

योगेंद्र मलिक

हल्द्वानी, 12 अप्रैल 2026:

हल्द्वानी में रविवार को नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली निकाली गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत कराई। रैली में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने नशामुक्ति की शपथ दिलाकर ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ का संदेश दिया।

रैली शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जब वे कदम आगे बढ़ाएं तो पूरे प्रदेश में यह बात जाए कि अब युवा नशे से दूरी बना रहे हैं और बेहतर जिंदगी की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने नशे को खामोश जहर बताया, जो धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले लेता है। कई बार मजाक में शुरू हुई आदत गंभीर लत में बदल जाती है और फिर निकलना मुश्किल हो जाता है। इसका असर सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, पूरे परिवार पर पड़ता है।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 1.19.40 PM (1)

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान से प्रेरित होकर राज्य में मिशन मोड पर काम हो रहा है। 2022 में बनी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कई मामलों में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में आरोपियों को पकड़ा है और मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं। इलाज के लिए एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी केंद्र चलाए जा रहे हैं, जिन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेजों तक बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए दगड़िया क्लब बनाए गए हैं, जो उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 1.19.40 PM

कार्यक्रम में डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, आरएसएस संपर्क प्रमुख उत्तर क्षेत्र डॉ. हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, पूर्व मेयर योगेंद्र सिंह रौतेला सहित आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत उपस्थित रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button