68,500 शिक्षक भर्ती : अभ्यर्थियों का अल्टीमेटम, 26 अक्टूबर से करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल!
आरक्षण की विसंगति दूर करने और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग को लेकर ईको गार्डन में 54वें दिन भी धरना जारी, 25 अक्टूबर तक भर्ती शेड्यूल जारी करने की मांग

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026:
यूपी की 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के समाधान और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पिछड़े एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों ने सरकार को 25 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक भर्ती शेड्यूल या आधिकारिक विभागीय प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं हुई तो वे 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी एक सितंबर से न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हो सका है। आंदोलन के 54वें दिन भी भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
आयोग के आदेश पर कार्रवाई की मांग
तूफान सिंह के मुताबिक अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री, प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रियों, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के सामने भी अपनी मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के गत 7 जुलाई के आदेश के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 25 अक्टूबर तक भर्ती शेड्यूल जारी किया जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समयसीमा तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो 26 अक्टूबर से शुरू होने वाली भूख हड़ताल भर्ती शेड्यूल जारी होने तक जारी रहेगी।
प्रदेश सरकार से न्याय की गुहार
प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग से आरक्षण विसंगति दूर करने, आयोग के आदेश पर कार्रवाई करने और पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि वे भूख हड़ताल के लिए मजबूर नहीं होना चाहते अपितु सरकार से न्यायपूर्ण समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। अब निगाहें 25 अक्टूबर की समयसीमा और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।






