
स्पोर्ट्स डेस्क, 21 जून 2026:
इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली तीन मैचों की ODI Series के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। लंबे समय बाद विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। अक्षर पटेल भी टीम में लौट आए हैं, जबकि कुछ खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ा है।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं लखनऊ में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव भी इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भी चयनकर्ताओं ने मौका नहीं दिया। विराट कोहली की वापसी फिलहाल फिटनेस टेस्ट के अधीन है। उन्हें अंतिम रूप से टीम में शामिल होने के लिए फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। माना जा रहा है कि वह इंग्लैंड में ही यह टेस्ट देंगे।
हार्दिक पांड्या अभी चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं। ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। अफगानिस्तान सीरीज के आखिरी मैच से पहले टीम में शामिल किए गए हर्षित राणा को भी इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया है। चयनकर्ताओं ने उनके पिछले प्रदर्शन को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है। इंग्लैंड दौरे पर भारत का पेस अटैक जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी के जिम्मे होगा।
India vs England ODI Series का कार्यक्रम
तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी। पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा। दूसरा मैच 16 जुलाई को कार्डिफ में होगा, जबकि सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
England ODI Series के लिए Team India
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार






