Lucknow City

लखनऊ अग्निकांड पर योगी सख्त : राजनाथ मैदान में, SIT गठित, मृतकों के परिवार को 5 लाख की मदद

मुख्यमंत्री ने जांच के लिए बनाई दो सदस्यीय एसआईटी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटनास्थल व केजीएमयू का किया दौरा, हुईं 15 मौतें, अधिकांश की दम घुटने से गई जान

लखनऊ, 23 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया चौराहे के पास सोमवार को तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात उच्च स्तरीय बैठक कर पूरे मामले पर गहरा रोष जताया और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश पर मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

एसआईटी में धर्मार्थ कार्य, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात तथा अपर पुलिस महानिदेशक (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली से लखनऊ आए स्थानीय सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीधे घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर इस त्रासदी को अत्यंत दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होगी तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
lucknow-aliganj-fire-accident-sit-investigation-yogi-rajnath-singh-kgmu

इसके बाद रक्षा मंत्री किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता एवं बेहतर उपचार का भरोसा दिया। केजीएमयू के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. प्रेम राज सिंह के अनुसार अस्पताल लाए गए 15 लोगों को मृत घोषित किया गया। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। सात-आठ अन्य घायलों में दो को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक युवक की रीढ़ की हड्डी और एक युवती के पैर में गंभीर चोट है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मौतें दम घुटने से हुई हैं।

प्रधानमंत्री की संवेदना और सहायता घोषणा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि इस भीषण हादसे में किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
lucknow-aliganj-fire-accident-sit-investigation-yogi-rajnath-singh-kgmu (3)

राजनाथ सिंह के निरीक्षण के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, एमएलसी मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह मौजूद थे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button