Uttarakhand

MDDA Action: अवैध निर्माणों पर प्राधिकरण का शिकंजा, तीन Commercial Buildings सील

बिना स्वीकृत मानचित्र के चल रहे निर्माणों पर कार्रवाई, आईटी पार्क, जमन्नीवाला और कैलाश पाम सिटी में सीलिंग से मचा हड़कंप, प्राधिकरण ने साफ किया, नियम तोड़ने वालों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 27 जून 2026:

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। बिना स्वीकृत मानचित्र बनाए जा रहे दो व्यवसायिक निर्माणों के साथ एक अवैध बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को सील कर दिया गया।

पहली कार्रवाई दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के पास की गई। यहां पुनीत अग्रवाल की ओर से बिना प्राधिकरण की मंजूरी के व्यवसायिक निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण में निर्माण नियमों के खिलाफ मिलने पर टीम ने मौके पर ही भवन को सील कर दिया।

इसके बाद एमडीडीए की टीम जमन्नीवाला सिंगली रोड पहुंची। यहां अरुण कुमार गुप्ता का व्यवसायिक निर्माण भी बिना जरूरी अनुमति के चलता मिला। जांच के बाद प्राधिकरण ने इस भवन पर भी सीलिंग की कार्रवाई की। तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में हुई। यहां राकेश सुरी की ओर से बनाए गए अवैध बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर को सील किया गया। अधिकारियों के मुताबिक निर्माण स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं था, इसलिए कार्रवाई की गई।

MDDA Crackdown Three Illegal Buildings Sealed (1)

कार्रवाई के दौरान संबंधित अभियंता, सुपरवाइजरी टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। दोहरण रोड और जमन्नीवाला में सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता की टीम ने कार्रवाई की। वहीं कैलाश पाम सिटी में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अभिजीत, सुपरवाइजर और पुलिस बल तैनात रहा।

एमडीडीए प्रशासन ने बताया कि पूरे प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। बिना मंजूरी के बन रहे निर्माणों या स्वीकृत मानचित्र से अलग किए गए निर्माणों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी व सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना स्वीकृति के किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को निर्माण शुरू करने से पहले जरूरी मंजूरी लेनी चाहिए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button