
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 28 जून 2026ः
उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ एसटीएफ का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। इसके तहत एसटीएफ ने शनिवार देर रात ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई है। अब इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
एसटीएफ के अनुसार बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की व्यापक जांच की जा रही है। इसी मामले को लेकर चार जून को काशीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारियां शुरू की गईं। इसी क्रम में आरोपी फईम अहमद (24 वर्ष) को काशीपुर में दबिश देकर पकड़ा गया। उसकी पहचान निवासी बसई चौक, हरियावाला चौराहा, थाना कुंडा, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शाहजहांपुर के नाम पर फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि एसटीएफ पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है और जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसटीएफ के अनुसार इस अभियान के तहत अब तक राज्य के विभिन्न जनपदों में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 11 अभियुक्तों की गिरफ्तार की जा चुकी है। 15 अवैध हथियार और बड़ी संख्या में फर्जी व संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।






