
रुड़की, 28 जून 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड का युवा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सिर्फ वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का मजबूत आधार माना गया है। इसी सोच के साथ स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शुरू की गईं, जिनसे लाखों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के मौके मिले हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को नौकरी या कारोबार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयास स्थानीय युवाओं और उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना भी रोजगार के नए रास्ते खोल रही हैं।
धामी ने कहा कि सरकार की नीतियों का असर रोजगार के आंकड़ों में भी दिख रहा है। उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक में भी राज्य पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि अब रिवर्स माइग्रेशन का माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव के साथ उत्तराखंड लौटकर नए कारोबार शुरू कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसका नतीजा यह रहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से ज्यादा युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरी मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर तेजी से काम हो रहा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद भी किया। भुनेश गोयल ने युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और शासन में उनकी भागीदारी को लेकर सवाल पूछा। जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हुई है और अब तक 33 हजार से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

रीया वंदना ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज बेहद प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके दुरुपयोग पर नजर रखने के लिए साइबर सेल लगातार सक्रिय है। अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सोनालिका ने वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और बेहतर व्यवस्था वाला आयोजन बनाने में जुटी है। भीड़ प्रबंधन, यातायात, घाटों के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष काम किया जा रहा है। आयोजन के दौरान ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
कार्यक्रम में आयोजक गौरव कौशिक, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी व अन्य अफसर भी मौजूद रहे।






