
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 14 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में बीजेपी-कांग्रेस दोनों पार्टियां लगी हुई हैं। इस दौरान जोड़-तोड़ का सिलसिला भी चल दोनों दलों में चल रहा है। इसी क्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जनपद चंपावत में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी पटका पहनाकर स्वागत किया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही स्थान से इतनी बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना प्रदेश में पार्टी के पक्ष में बन रहे जबरदस्त माहौल का संकेत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नए साथियों के सहयोग से भाजपा दो-तिहाई बहुमत की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में देश व प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। दूर-दराज के गांवों तक सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और संगठन की कार्यपद्धति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सभी नए साथियों के सम्मान की चिंता संगठन का दायित्व है। उनकी क्षमता और उपलब्धता के अनुरूप उन्हें संगठनात्मक व चुनावी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।

चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की अगुवाई में भाजपा में शामिल होने वालों में नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संगठन गोविंद सिंह बोहरा, विभिन्न नगर निकायों के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी, पूर्व यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






