
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 14 सितम्बर 2026ः
उत्तराखंड में खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से हुई। इसके बाद मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल महाकुंभ बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सभी जनपदों से अंडर-14, अंडर-19 बालक-बालिका और अंडर-25 बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता विकास तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी मौ. मुस्तफा खान, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय, जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भंडारी, प्रभारी मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पूनम मिश्रा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र पुंडीर, खेल विभाग एवं शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।






