Uttarakhand

जनसुनवाईः अतिक्रमण की सबसे ज्यादा शिकायतें, जलभराव की समस्या भी उठाई

डीएम कार्यालय में सुनी गईं समस्याएं, 44 शिकायतों में से 22 का निस्तारण, लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश, लापरवाही पर दी कार्रवाई की चेतावनी

योगेंद्र मलिक

हरिद्वार, 29 जून 2026ः

हरिद्वार में डीएम कार्यालय में सोमवार को जनसुनवाई हुई। जनसुनवाई के दौरान 44 शिकायतें आईं। इनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सबसे ज्यादा शिकायतें अतिक्रमण मामलों की आईं। इसके अलावा मार्ग की मरम्मत, जलभराव, बिजली समस्या और नाली निर्माण के मामले भी सामने आया।

जनसुनवाई में आए टीबड़ी निवासी गोविंद ने अंबेडकर पार्क के सामने नाले पर किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। वहीं, औरंगाबाद निवासी परवीन कुमार ने बताया कि दो माह पहले टूटी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन अभी उनके खेत में पड़ी है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। भगवानपुर तहसील के लालवाला मजबता निवासी सुनील कुमार ने भूमि की पैमाइश कराने की मांग उठाई, जबकि ढंडेरी निवासी प्रिंस सैनी ने खेत तक जाने वाले चकरोड पर अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई।

ये भी पढ़ें:

दौलतपुर निवासी अक्षय कुमार ने इंटरलॉकिंग मार्ग की मरम्मत, रसूलपुर मिठीबेरी निवासी बाबूराम ने भूमि की पैमाइश और अवैध कब्जा हटाने की मांग की। वहीं, देवभूमि शिवालिक व्यापार मंडल समिति ने न्यू शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शिवालिक नगर के कॉरिडोर और पार्किंग से अतिक्रमण हटाने की मांग की। सिद्धार्थ एनक्लेव कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर नाली निर्माण का मामला भी जनसुनवाई में उठाया गया।

एडीएम (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभागीय समन्वय के साथ मौके पर पहुंचकर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 504 और एल-2 स्तर पर 132 शिकायतें लंबित हैं। इन सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। बैठक में विभागों से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  कुंभ मेले की तैयारियां तेज... ऋषिकेश की तीन बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button