
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 जुलाई 2026:
राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत बुधवार से हो गई। 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का मकसद ज्यादा से ज्यादा बच्चों का सरकारी स्कूलों में Enrollment कराना है, ताकि कोई भी बच्चा पढ़ाई से दूर न रहे।
अभियान की शुरुआत निगोहां स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय से हुई। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कनौजिया ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ गांव में जागरूकता रैली निकाली। बच्चों ने ‘पढ़ेगा इंडिया तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ जैसे नारे लगाकर लोगों को शिक्षा का महत्व बताया। इस दौरान घर-घर पहुंचकर अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील भी की गई।

शिक्षा रथ न्याय पंचायत खुजौली, करोरा पहुंचा, जहां बेसिक विद्यालय करोरा की स्काउट गाइड बैंड पार्टी ने स्वागत किया। इसके बाद रथ नगराम होते हुए निगोहां पहुंचा। पीएम श्री विद्यालय निगोहां में प्रधानाध्यापिका ममता वर्मा, विभा मौर्या समेत शिक्षकों ने शिक्षा रथ का स्वागत किया।
अभियान में एआरपी अदिति पाण्डेय, बृजेश यादव, अनिल वर्मा, शालिनी सिंह, पूनम यादव, नीतू पटेल, शिक्षा पांडे, वंदना यादव भी मौजूद रहीं। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कनौजिया ने बताया कि अभियान का फोकस ऐसे बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ना है, जो अब तक नामांकन से वंचित हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। विभाग की कोशिश है कि हर बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित हो।






