Lucknow City

पं. बंगाल से असम तक भगवा लहर : योगी बोले… यह मोदी पर अटूट विश्वास की मुहर

यूपी के मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, ऐतिहासिक जनादेश ‘नए भारत’ के संकल्प को देगा नई रफ्तार, कार्यकर्ताओं को दी बधाई

लखनऊ, 4 मई 2026:

देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के रुझानों ने सियासी तस्वीर लगभग साफ कर दी है। सबसे बड़ा उलटफेर पश्चिम बंगाल में देखने को मिला जहां भाजपा ने बंपर जीत दर्ज कर सियासी समीकरण बदल दिए हैं। इन परिणामों पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास की स्पष्ट अभिव्यक्ति बताया है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व और लोक कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने लिखा कि यह ऐतिहासिक जनादेश उसी विश्वास का परिणाम है जो अब चुनावी नतीजों के रूप में सामने आया है।

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में खास तौर पर पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की जीत, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा गठबंधन की सरकार बनने को जनता के विश्वास का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री के ‘नए भारत-विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति देगा और देश को विकास की दिशा में और आगे ले जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने इस जीत के लिए बंगाल, असम और पुडुचेरी के भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन और राष्ट्रवाद को मिला यह समर्थन लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। सियासी जानकारों के मुताबिक इन नतीजों ने राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा की स्थिति और मजबूत कर दी है और विपक्ष के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button