Lucknow City

तेज रफ्तार कार ने सड़क पर मचाई तबाही, सो रहे परिवार को रौंदा, चार घायल

मोहनलालगंज में देर रात हुआ सड़क हादसा, ई-रिक्शा व गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त, दुकानों के बाहर लगे कई टीनशेड टूटे, रायबरेली से लखनऊ जा रहा था कार चालक, पीड़ित परिवार का आरोप- नशे में धुत था चालक

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 जुलाई 2026ः

राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज में एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर सो रहे मजदूर परिवार को रौंद दिया। कार की चपेट में आने से एक वाहन और घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। कार की गति इतनी तेज थी कि दुकानों के बाहर लगे कई टीनशेड भी टूट गए। हादसे में दंपती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।

मोहनलालगंज कस्बे में मंगलवार देर रात रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाला पटरी पर चढ़ गई और घर के बाहर चारपाई पर सो रहे मजदूर परिवार को रौंद दिया। कार की चपेट में आने से हरिराम, पत्नी रामलली, बेटा दीपक और बेटी रामलली गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया।
lucknow-mohanlalganj-road-accident-speeding-car-rams-sleeping-family (2)

घायल हरिराम ने पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि देर रात करीब एक बजे के आसपास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर के दरवाजे पर चढ़ गई। हादसे में घर के बाहर खड़ा ई-रिक्शा, फल के दो ठेले और गृहस्थी का सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार ने दुकानों के बाहर लगे कई टीनशेड भी तोड़ दिए। हरिराम का आरोप है कि कार चालक नशे में धुत था। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button