
लखनऊ, 3 जुलाई 2026:
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को 9वें उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2026 की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का उद्घाटन किया, स्मारिका का विमोचन किया और प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव हैं। सुशासन और कृषि की तरक्की मिलकर प्रदेश की विकास यात्रा को नई रफ्तार देंगे।

महोत्सव के दौरान एक करीब आधा किलो वजन का आम देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए। उन्होंने आम को हाथ में लेकर उसकी खासियत जानी और तस्वीर भी खिंचवाई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दो पेटी आम खरीदे, जबकि उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। हम देश के कुल आम उत्पादन का 26 प्रतिशत योगदान दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश का आम आज ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, कुवैत समेत कई देशों में Export हो रहा है। काकोरी के अमर शहीदों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए हमने मलिहाबादी दशहरी आम को नई पहचान देते हुए ‘काकोरी ब्रांड’ के रूप में स्थापित किया है।
उन्होंने किसानों से AI Farming अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आम की गुणवत्ता बढ़ाने, फसल की सुरक्षा, E-Commerce प्लेटफॉर्म से जुड़ने और Global Export को बढ़ावा देने पर सरकार लगातार काम कर रही है। किसानों को आम की सुरक्षा के लिए विशेष बैग भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश का कृषि उत्पाद Chemical-Free हो, ताकि अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव किसानों के लिए सिर्फ प्रदर्शनी नहीं बल्कि Global Market तक पहुंच बनाने का बड़ा मंच है। Buyer-Seller Meet के जरिए किसान सीधे देश-विदेश के खरीदारों से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि मलिहाबाद के दशहरी आम को मिला GI Tag उसकी वैश्विक पहचान को और मजबूत करता है।

प्रदेश सरकार के मुताबिक आम उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए चार Pack House तैयार किए गए हैं। वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम का करीब 12.67 करोड़ रुपये का Export हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में 800 से ज्यादा Mango Varieties प्रदर्शित की गई हैं। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल, लखनऊ सफेदा, अल्फांसो, अंबिका, याकूती, बनाना, टॉमी एटकिंस, लालिमा, नूरजहां, रेड आइवोरी, मोदी मैंगो और योगीराज आम सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। करीने से सजाकर रखे गए आम किसी कलाकृति का हिस्सा लग रहे थे। अलग आकार व रंग उनको मोहक रूप दे रहा था।

महोत्सव में आम से बने अचार, जूस, पल्प, अमावट, आम की जलेबी और रसगुल्ले जैसे कई Products भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी रोज सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए निशुल्क खुली रहेगी। वहीं 4 जुलाई को जन भवन में Buyer-Seller Meet आयोजित होगी, जहां देश-विदेश के खरीदार सीधे बागवानों से बातचीत करेंगे। महोत्सव में कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक खेती, पैकिंग, ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग और Export से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी भी देंगे।







