Lucknow City

महिला लेखपाल के निलंबन पर भड़का विरोध, संघ का धरना, कल से हड़ताल पर जाने की चेतावनी

एसडीएम पर अमानवीय व्यवहार का आरोप, बिना नोटिस निलंबन का दावा, 12 लेखपालों का वेतन रोकने समेत लंबित बिल, एरियर व मेडिकल भुगतान का मुद्दा उठा, संघ ने कहा, निलंबन वापस नहीं हुआ तो शुक्रवार से होगा पूर्ण कार्य बहिष्कार

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 3 सितंबर 2026:

यूपी के लखनऊ जिले की मोहनलालगंज तहसील में लेखपालों ने गुरुवार को कामकाज ठप कर धरना दिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की मोहनलालगंज उपशाखा ने महिला लेखपाल रूचि मौर्या के निलंबन को लेकर एसडीएम के खिलाफ विरोध जताया। लेखपालों ने निलंबन वापस लेने के साथ तहसील में कथित अमानवीय व्यवहार बंद करने की मांग उठाई।

बिना नोटिस निलंबन का आरोप

ये भी पढ़ें:

तहसील अध्यक्ष अमरीश कुमार व मंत्री विकास दीक्षित ने एसडीएम को दिए पत्र में कहा कि रूचि मौर्या को मंगलवार को बिना किसी नोटिस के निलंबित कर दिया गया। संघ के मुताबिक, सर्पदंश से मृत व्यक्ति की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा मिलने के बाद संबंधित 20 प्रपत्र 24 घंटे के भीतर रजिस्ट्रार कार्यालय में उपलब्ध करा दिए गए थे।

संघ का कहना है कि मृतक के वारिस बाहरी निवासी होने के कारण कुछ प्रपत्र मिलने में देरी हुई। इसके बाद साइट नहीं चलने से आवेदन आगे नहीं बढ़ सका। अगले दिन आवेदन का निस्तारण कर दिया गया था। इसी मामले में निलंबन की कार्रवाई को लेकर लेखपालों में नाराजगी है।

बीमार पिता को लेकर भी उठाया सवाल

लेखपाल संघ ने नेहा कपूर के मामले का भी जिक्र किया। संघ का आरोप है कि उनके पिता की हालत नाजुक होने के बावजूद 29 अगस्त को अल्पावधि की बैठक में बुलाया गया। पिता का इलाज नहीं हो सका, जिससे उनकी मौत हो गई।

लेखपालों ने मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच शाम 4:30 बजे बैठक बुलाए जाने पर भी सवाल उठाया। संघ का आरोप है कि छुट्टी या रविवार के दिन भी अनावश्यक दबाव बनाकर लेखपालों को बुलाया जाता है। फोन रिसीव नहीं होने पर नाराजगी जताई जाती है।

वेतन व भुगतान का मुद्दा भी उठा

धरने पर बैठे लेखपालों ने 12 साथियों का वेतन रोके जाने का मुद्दा भी उठाया। संघ के मुताबिक, बिना गलती के रोका गया वेतन अभी तक नहीं मिला है। बिल, एरियर व मेडिकल से जुड़े भुगतान भी कई महीनों से लंबित हैं।

शुक्रवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी

लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि रूचि मौर्या का निलंबन वापस नहीं लिया गया तो शुक्रवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। तहसील अध्यक्ष अमरीश कुमार ने कहा कि लेखपालों के साथ अमानवीय व्यवहार बंद किया जाए, निलंबन तत्काल वापस लिया जाए, नहीं तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

ये भी पढ़ें  फर्जी आयुष्मान कार्ड रैकेट का भंडाफोड़...एसटीएफ ने सात जालसाज दबोचे

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button