Lucknow City

अनंत नगर योजना में नहीं कटेंगे 8 हजार पेड़, होंगे प्रत्यारोपित, जानिए LDA का प्लान

प्राधिकरण वीसी के निर्देश पर चलेगा प्रदेश का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान, निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त कार्रवाई, नादरगंज-अनंत नगर सड़क चौड़ीकरण अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य

लखनऊ, 9 जुलाई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ की महत्वाकांक्षी अनंत नगर योजना में पर्यावरण संरक्षण और विकास को साथ लेकर चलने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। योजना के निर्माण में बाधा बन रहे करीब 8,000 पेड़ों को काटने के बजाय उनका प्रत्यारोपण किया जाएगा। यह उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा वृक्ष प्रत्यारोपण अभियान होगा। इस संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मोहान रोड स्थित योजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि योजना में प्रस्तावित 45, 24 और 12 मीटर चौड़ी सड़कों के एलाइनमेंट में लगभग 8,000 पेड़ आ रहे हैं। पहले चरण में 2,098 पेड़ों को हटाना अनिवार्य है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि इन्हें काटने के बजाय योजना में विकसित किए जाने वाले पार्कों और ग्रीन बेल्ट में प्रत्यारोपित किया जाए।

इसके लिए विशेषज्ञ संस्था का चयन कर शीघ्र सर्वे कराया जाएगा। बरसात के मौसम में ही प्रत्यारोपण का कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले संबंधित कास्तकारों को प्रतिकर का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़ें:

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी एलडीए उपाध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1 के पॉकेट-ई में 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण कार्य आदेश जारी होने के बावजूद शुरू नहीं किया गया। इस लापरवाही पर कार्यदायी संस्था मेसर्स डीपी इंफ्रास्ट्रक्चर पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं सेक्टर-1 और 4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज और ड्रेन निर्माण की धीमी प्रगति पर मेसर्स राजलक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर 7.50 लाख रुपये का दंड लगाया गया। प्रथमेश कुमार ने सभी सेक्टरों में निर्माण कार्य तेज करने, बरसात को देखते हुए मिट्टी भराई और लेवलिंग जैसे कार्य प्राथमिकता से पूरे करने तथा मुख्य अभियंता को हर सप्ताह निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर योजना को जोड़ने वाली करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आरसीसी ड्रेन और ट्रेंच निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने अक्टूबर तक यह कार्य पूरा करने और बरसात से पहले खुले नालों को ढकने के निर्देश दिए जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  UP ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव : 20 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के CDO बदले

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button