Hardoi City

पल्लू खींचने पर भड़का विवाद, शादी समारोह से दूल्हा-दुल्हन पहुंचे थाने, फिर ये हुआ

विवाद बढ़ने से शादी की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं, पुलिस और गांव के जिम्मेदार लोगों की पहल के बाद समझौता हुआ, जिसके बाद अधूरी रह गई शादी की रस्में पूरी कराकर दुल्हन की विदाई कराई गई

हरदोई, 10 जुलाई 2026:

हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के नेवादा विजय गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। दुल्हन का पल्लू खींचने की घटना को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हालात ऐसे बने कि शादी रोकनी पड़ी और दोनों पक्ष थाने पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक, राजकुमार की बेटी नन्ही की शादी सीतापुर के रामपुर कला निवासी दिनेश के साथ तय थी। रात करीब नौ बजे विवाह की रस्में चल रही थीं। दूल्हा-दुल्हन पांच फेरे ले चुके थे और दो फेरे बाकी थे। इसी दौरान दूल्हे के छोटे भाई मुकेश ने कथित तौर पर मजाक में दुल्हन का पल्लू खींच दिया।

इस हरकत पर दुल्हन के चाचा पिंकू ने कड़ी आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। शादी में मौजूद कुछ लोग, जो नशे की हालत में बताए जा रहे हैं, भी विवाद में कूद पड़े। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया और लाठी-डंडों के साथ लात-घूंसे चलने लगे।

ये भी पढ़ें:

मारपीट में दूल्हा दिनेश के सिर में चोट लगी, जबकि दुल्हन का चचेरा भाई रामू भी घायल हो गया। हंगामे के चलते विवाह की रस्में बीच में ही रोक दी गईं और विदाई टाल दी गई। घटना के बाद दोनों पक्ष सीधे अतरौली थाने पहुंच गए। गुरुवार दोपहर तक दोनों परिवार थाने में मौजूद रहे। मामले को शांत कराने के लिए प्रधान पति रामलखन ने पहल की और थाने में पंचायत कराकर दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की।

बातचीत के बाद दोनों परिवार समझौते पर राजी हो गए। समझौते के तहत दूल्हे के पिता पेरू ने घायल रामू के इलाज के लिए 4,500 रुपये दिए। इसके बाद दोनों पक्षों ने विवाद खत्म करने पर सहमति जताई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है और किसी भी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की। समझौते के बाद विवाह की अन्य रस्में पूरी कराई गईं। दूल्हे दिनेश ने दुल्हन नन्ही की मांग में सिंदूर भरा। इसके बाद परिवारों के बीच माहौल सामान्य हुआ और दुल्हन की विदाई संपन्न कराई गई।

READ MORE

ये भी पढ़ें  मंत्री का फरमान: महाविद्यालयों के निर्माण कार्यों की होगी समीक्षा, लापरवाही पर कार्यदायी संस्थाएं नपेंगी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button