Uttarakhand

28 करोड़ की सौगात : मंदिरों से लेकर सड़क व पुल तक, धामी ने दी कई बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी

पिथौरागढ़, खटीमा, केदारनाथ, सितारगंज, भीमताल, झबरेड़ा और श्यामपुर में Development Projects को मिली रफ्तार, सड़क, पुल, धार्मिक स्थल, पुलिस आवास और पर्यटन से जुड़े कामों को मंजूरी, कई इलाकों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ

देहरादून, 11 जुलाई 2026:

उत्तराखंड में सड़क, पुल, धार्मिक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट अब तेजी से आगे बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 28 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को वित्तीय मंजूरी दी है। इन योजनाओं का फायदा पिथौरागढ़, उधमसिंहनगर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और हरिद्वार समेत कई जिलों को मिलेगा।

धार्मिक स्थलों के विकास पर फोकस

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में ध्वज जयन्ती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए 97.09 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि से आवास, पेयजल, शौचालय और पहुंच मार्ग जैसे जरूरी काम कराए जाएंगे। मूनाकोट ब्लॉक की ग्राम पंचायत भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, चारदीवारी और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

उधमसिंहनगर के खटीमा में ग्राम भूड महोलिया की चार बीघा जमीन पर छठ पूजा स्थल विकसित करने के लिए 2.70 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार मद्ममहेश्वर धाम के विकास के लिए 54.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सड़क और पुल परियोजनाओं को मिली रफ्तार

पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी सड़क बनाने के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। उधमसिंहनगर के सितारगंज में सूर्यनगर और शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर स्पान का पीएससी पुल बनाने के लिए 18.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस पुल से दोनों क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही आसान होगी।

भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भीमताल-नैकुचियाताल मोटर मार्ग के एक से छह किलोमीटर हिस्से के सुधार कार्य के लिए 2.46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सड़क को 30 एमएमबीसी तकनीक से बेहतर बनाया जाएगा। हरिद्वार के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में अकबरपुर, खुण्डेवाली, लोदीवाला से झबरेड़ा नगर पंचायत तक सड़क पर पीसी कार्य कराने के लिए 66.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

पुलिस आवास के लिए भी मिली मंजूरी

हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप-3 के छह पुलिस आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना की कुल लागत 3.10 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने इसकी पहली किस्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने की भी मंजूरी दी है। इन सभी परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित विभाग अब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button