Lucknow City

लखनऊ : बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में फिर चोरी, चार दिन में दूसरी वारदात, दानपात्र उठा ले गए चोर

राजधानी के पारा क्षेत्र में हुई वारदात, कुछ दिन पहले मंदिर का घंटा चोरी हुआ था, उस मामले में मंदिर का सेवादार गिरफ्तार हो चुका है,लगातार दूसरी घटना के बाद श्रद्धालुओं ने सुरक्षा बढ़ाने, Night Patrolling तेज करने और CCTV निगरानी मजबूत करने की मांग उठाई

लखनऊ, 12 जुलाई 2026:

पारा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। इस बार चोर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास रखा दानपात्र उठाकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दानपात्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई हजारों रुपये की नकदी मौजूद थी। घटना सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।

पुजारी पहुंचे तो दानपात्र मिला गायब

रविवार सुबह रोज की तरह जब पुजारी मंदिर के कपाट खोलने पहुंचे तो मुख्य गेट के पास नारियल फोड़ने वाली जगह पर रखा दानपात्र गायब मिला। पहले आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने तुरंत पारा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास से जरूरी जानकारी जुटाई।

चार दिन में दूसरी चोरी से बढ़ी चिंता

बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में लगातार दूसरी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले कुछ दिन पहले मंदिर से घंटा चोरी होने का मामला सामने आया था। उस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के एक सेवकदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब चार दिन के भीतर दूसरी वारदात होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी बढ़ गई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पारा पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोर किस रास्ते से मंदिर में पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।

श्रद्धालुओं ने सुरक्षा मजबूत करने की मांग उठाई

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मंदिर परिसर में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने, रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस चोरी के पीछे शामिल लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button