लखनऊ, 14 जून 2026:
यूपी में खेलों के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कोशिशें हो रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल गोरखपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तेजी से चल रहा है। करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक स्टेडियम का 6.73 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह स्टेडियम पूर्वांचल के साथ पूरे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
करीब 46 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला स्टेडियम 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा। गत 16 मई को भूमिपूजन एवं शिलान्यास के बाद से निर्माण कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। मिट्टी भराई का कार्य पूरा हो चुका है। पाइलिंग का काम चल रहा है। खेल निदेशालय के अनुसार परियोजना निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप आगे बढ़ रही है। इसे अगले साल 23 दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

परियोजना के लिए वित्तीय संसाधनों की पूरी व्यवस्था की गई है। भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय ने अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने पर सहमति दी है। शेष राशि राज्य सरकार वहन कर रही है। निर्माण कार्य को गति देने के लिए राज्य सरकार ने पहली किस्त के रूप में 63 करोड़ 39 लाख रुपये की धनराशि भी मंजूर कर दी है।
स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर बनने वाले इस खेल परिसर में खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। साथ ही रात में होने वाले मैचों के लिए चार हाई-मास्ट फ्लड लाइट्स भी लगाई जाएंगी। इससे दिन और रात दोनों समय अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित को सकेंगे।
प्रदेश के खेल सचिव सुहास एल वाई के मुताबिक यूपी तेजी से देश के क्रिकेट हब के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अंतिम चरण में है। अयोध्या का स्टेडियम तैयार हो चुका है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आईपीएल मुकाबले आयोजित हो रहे हैं।
प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर स्टेडियम के निर्माण से पूर्वांचल में खेलों को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।






