Sports

फीफा वर्ल्ड कप 2026: स्कॉटलैंड के फैंस जिसे भूल चुके थे…36 साल बाद हुआ वो कारनामा

हैती को 1-0 से हराकर स्कॉटिश टीम ने 1990 के बाद विश्व कप में पहला मैच जीता, ग्रुप 'सी' में शीर्ष पर पहुंची स्कॉटलैंड

स्पोर्ट्स डेस्क,14 जून 2026:

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड ने अपने अभियान की शुरुआत ऐसी जीत के साथ की है जिसका उसके प्रशंसक दशकों से इंतजार कर रहे थे। जिलेट स्टेडियम में हैती को 1-0 से हराकर स्कॉटिश टीम ने, न सिर्फ टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया बल्कि 36 वर्षों बाद विश्व कप में जीत का स्वाद भी चखा।

ग्रुप सी के मुकाबले में स्कॉटलैंड की ओर से निर्णायक गोल जॉन मैकगिन ने 28वें मिनट में किया। चे एडम्स के प्रयास के बाद मिले मौके पर मैकगिन का शॉट एक डिफेंडर से टकराकर दिशा बदल गया और गेंद गोल में समा गई। यही गोल अंततः मैच में निर्णायक साबित हुआ।

यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि विश्व कप मंच पर उसकी पिछली जीत 1990 में स्वीडन के खिलाफ आई थी। स्कॉटलैंड ने तब स्वीडन को 2-1 से हराया था। स्कॉटलैंड को किसी भी वर्ल्ड कप मैच में जीत 36 साल के बाद मिली है। ऐसे में तीन दशक से अधिक समय बाद मिली यह सफलता टीम और उसके समर्थकों के लिए यादगार बन गई।

उधर, इसी ग्रुप के दूसरे मुकाबले में दावेदार मानी जा रही ब्राजील और मोरक्को की टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इस नतीजे का सबसे बड़ा फायदा स्कॉटलैंड को मिला। तीन अंक हासिल करने वाली स्कॉटिश टीम ग्रुप सी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई, जबकि ब्राजील और मोरक्को को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

मैच के दौरान स्कॉटलैंड ने कई और मौके भी बनाए। कप्तान स्कॉट मैकटोमिने 17वें मिनट में बढ़त दिलाने के करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। दूसरी ओर, हैती ने दूसरे हाफ में वापसी की भरपूर कोशिश की। 74वें मिनट में विल्सन इसिडोर और 84वें मिनट में फ्रांट्जडी पिएरोट के पास बराबरी का मौका था लेकिन दोनों अवसर गोल में नहीं बदल सके।

स्कॉटलैंड का अगला मुकाबला शुक्रवार को जिलेट स्टेडियम में मोरक्को से होगा। अगर स्कॉटलैंड अगले मैच में भी सकारात्मक परिणाम हासिल करने में सफल रहती है तो नॉकआउट राउंड की उसकी राह काफी आसान हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button